Saturday, February 12, 2022

वृद्धावस्था


 *वृद्धावस्था*


टूटी कमर दीवारों की

तिल तिल करके नित्य मरे


सोने जाती आधी रात

लिए दुखों का सँग तकिया

नींद सिरहाने ऊँघी जो

स्वप्न बने नित ही छलिया

आँसुओं की सभा लगी फिर

अपनों को कब गले भरें।।


पग काँपते घर आँगन के

चार कदम जो चलना है

संयमी तुलसी पीली पड़ती

द्वार आस का पलना है

अमृत रस साथी को देना

स्वयं मौत से कौन डरे।।


दोनों खाट ओसारे की

अस्थियों का पुल बनाएं

स्तम्भ जर्जर गिरा नदी में

चप्पू अब किसे थमाएं

ठहर गयी दोनों ही सुई

हलचल केवल एक करे।।


Wednesday, February 9, 2022

मृगनयनी

चित्र गूगल से साभार

 मृगनयनी


प्रेम रूप की श्वेत हंसिनी

लगे भोर की अरुणाई


चंचल-चपला सी मृगनयनी

चाल कुलांचे भूल चली

हौले-हौले कदम साध के

शांत चित्त की खिली कली

झुके नयन में लाज भरे जब 

प्रीति पंखुड़ी गहराई।।


श्याम केश के अवगुंठन से

चाँद रूपिणी जब झाँके

अधरों का उन्माद धैर्य धर

पुष्प सितारे वह टाँके

स्निग्ध मुग्धता शीत चाँदनी

शुद्ध नीर-सी तरुणाई ।।


प्रेम मूर्ति की सुंदरता में

नहीं जलधि का शोर रहे

राग लावणी अंग सजा के

शीतल से उद्गार बहे

रमणी को परिभाषित करने

मर्यादा वो ठहराई।।


अनिता सुधीर

Tuesday, February 8, 2022

टकराव

 मध्य अहम् की दीवारों से

कैसे पायें पार।


रखें ताक पर धीरज को

ढूँढ़ रहें क्यों सेज,

पहन प्रेम का आभूषण

पाती मन की भेज 

बनता है राई का पर्वत

बात बात पर रार।।

मध्य अहम् की दीवारों से,कैसे पायें पार।।


किसकी रेखा बड़ी रहेगी

ह्रदय पटल पर द्वंद

कीट द्वेष का कुलबुल करता

बना गले का फंद

उम्मीदों की गठरी भारी

दूजे को दें भार।

मध्य अहम् की दीवारों से,कैसे पायें पार।।


प्रेम कूप अब बिना नीर के

सूख रहे हैं भाव

रहे क्रोध में तनी भृकुटियाँ

छिपा रहे हैं घाव

उच्च नासिका अब कब सोचे

नैना कर लें चार

मध्य अहम् की दीवारों से ,कैसे पायें पार।।


अनिता सुधीर

Saturday, February 5, 2022

माँ शारदे


 

मनहरण घनाक्षरी छन्द


शिक्षा कला संगीत की,देवी तुम हो शारदे 

हृदय में प्रीत भरो, जीवन को तार दे।।

विचार और भावना,मन में हो संवेदना

करते यह प्रार्थना, जन्म ये सुधार दे।।

धवल वस्त्र धारिणी ,मयूर हंस वाहिनी ,

सद्बुद्धि विद्या दायिनी, ज्ञान से सवाँर दे।।

माता वीणा वादिनि को ,पूजते विष्नु महेश

देकर आशीष अम्बा, तम से उबार दे।।


अनिता सुधीर आख्या


Friday, February 4, 2022

दोस्त


 लघु कथा

नीता- (सुमन से) हर समय घर में रहती हो, चलो मेरे साथ आज तुम्हें किटी पार्टी में ले चलते हैं। तुम भी ज्वाइन कर लेना।

सुमन- नीता, मैं तुम्हारे साथ नहीं चल सकती।
रोहन स्कूल से आने वाला ही होगा, मेरा समय उसके साथ ही बीत जाता है, पढ़ाई भी मैं ही देखती हूँ और आजकल तो परीक्षा भी चल रही है।

नीता- तुम उसकी ट्यूशन क्यों नहीं रख देती। देखो, मैंने प्रतीक को ट्यूशन क्लासेस ज्वाइन करवा रखी हैं, परीक्षा की तैयारी भी वो लोग करवा देते हैं और मैं इन सब झंझट से मुक्त रहती हूँ।
(नीता और सुमन दोनों ही अच्छी दोस्त हैं और दोनों के बच्चे आठवीं कक्षा में एक साथ ही पढ़ते हैं)

परीक्षा परिणाम देख कर
नीता- प्रतीक (डांटती हुई), यह तुम्हारे इतने कम नंबर क्यों आए हैं! तुम्हारी तो मैंने ट्यूशन भी लगवा रखी है, इतना पैसा तुम्हारे ऊपर खर्च करते हैं, रोहन को देखो, बिना ट्यूशन के भी उसके कितने अच्छे नंबर आए हैं। तुम पढ़ने जाते हो या घूमने!

सुमन- अब बस भी करो नीता। मैं तुम्हारी दोस्त हूँ, एक दोस्त का कर्तव्य होता है कि वो अपने दोस्त को सही मार्ग दिखाए। मैं कई दिनों से देख रही कि तुम्हारा ध्यान प्रतीक और घर में नहीं है। तुम इतनी पढ़ी-लिखी हो, तुम प्रतीक को खुद ही पढ़ा सकती हो फिर तुमने उसकी ट्यूशन क्यों लगा रखी है। उसके घर आने के बाद तुम आए दिन बाहर चली जाती हो, केवल ट्यूशन लगाने से तुम्हारी जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। इस नाजुक उम्र में बच्चों को माता-पिता के समय और प्यार की भी आवश्यकता होती है। समाज में देखो, आजकल कोई न कोई खबर सुर्खियों में रहती है। अपने बच्चे की दोस्त बन कर उसके साथ रहो और पढ़ाई में उसकी मदद करो। जब तुम उसे समय दोगी तो वो अपनी परेशानियाँ तुम्हें बताएगा और तुम समाधान कर पाओगी, अन्यथा वो पता नहीं किससे कहे और भगवान न करे, किसी गलत साथ में पड़ जाए। 

नीता- (पश्चाताप से) सुमन, तुम्हारे जैसे दोस्त किस्मत वालों को मिलते हैं, मेरी दोस्त ने मुझे अपने बेटे का दोस्त बना हमें सही मार्ग दिखाया है।

अनिता सुधीर 

चित्र गूगल से

Thursday, February 3, 2022

गीत


गीत

आलोकित है जग सारा,बहती भावों की धारा।
श्रद्धा के मोती चुनकर,करते शृंगार तुम्हारा।।

जीवन का ताना बाना,सुख-दुख का जाना-आना।
रो-रो कर दिन क्यों काटें,दुख हँस कर सहते जाना।।
आती है जब कठिनाई, हो जाता जीवन खारा ।
थामे तुम हाथ बढा के, देते हो सदा सहारा ।।
आलोकित है ..

जग के पालनहारे तुम ,हम सबके रखवारे तुम ।
प्रेम सुमन अर्पित करते, दूर करो अँधियारे तुम।।
नाव फँसी तूफानों में, अब मिलता नहीं किनारा 
अन्तर्मन में दीप जला, भर दो मन में उजियारा ।।
आलोकित है....

सच्चाई की बोली से ,सत्कर्मों की झोली से।
नफरत द्वेष मिटा मन से,हृदय भरो रंगोली से।।
साथ भला क्या जाएगा ,छूटे गलियाँ चौबारा ।
पंछी छोड़े तन पिँजरा ,मानव जीवन बंजारा ।।
आलोकित है ....


अनिता सुधीर

Wednesday, February 2, 2022

श्रमिक

 


कुंडलिया छन्द


।१।

सहता रहता त्रासदी ,श्रम का यह भगवान।

हाड़ मांस का तन बना,करता कार्य महान।।

करता कार्य महान, देश की सेवा करता ।

मिला नहीं अधिकार, सदा तिल तिल कर मरता।।

करे भवन निर्माण , स्वेद कण पल पल बहता।

वृक्ष तले है ठाँव, ताप जीवन का सहता ।।


।२।


नेता सब वादे करें,पूरी करें न बात।

उचित मूल्य इनको मिले,तब सुधरे हालात।।

तब सुधरे हालात,चले श्रमिकों का खर्चा।

शोषण का इतिहास,सदा चलती है चर्चा ।।

इन्हें मिले सम्मान ,रहें ये सदा विजेता  ।

श्रमिक नहीं मजबूर,सुनो अब सारे नेता ।।


अनिता सुधीर आख्या

चित्र गूगल से साभार


 https://youtu.be/mcfFqNAdH80?si=c6hjexJ-8DQ5m28N